उज्जैन 26 फरवरी। संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह ने गुरुवार को मालनवासा में निरीक्षण के दौरान सीवरेज पाइप लाइन के काम लक्ष्य से पीछे चलने पर नाराजगी जाहिर की और संबंधितों को सख्त निर्देश दिए कि काम में देरी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी। संभागायुक्त श्री सिंह ने 2 इंजीनियरों को एक एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए है।ज्ञात हो कि संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह व कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह गुरुवार को वार्ड क्रं. 54 शिप्रा विहार क्षेत्र मालनवासा में अमृत मिशन 2.0 अंतर्गत निर्माणरत सीवरेज पाइपलाइन और हाउसहोल्ड कनेक्शन कार्यों के निरीक्षण पर गए थे। निरीक्षण के दौरान कंपनी के अधिकारी ने बताया कि अभी वर्तमान में काम बंद है और मजदूर होली मनाने गए हैं। इस पर संभाग आयुक्त श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त की और उन्हें इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि यदि कोई भी मजदूर/ कर्मचारी अवकाश पर जा रहे हैं तो उनकी वैकल्पिक व्यवस्था बनाए रखें और काम की गति को बनाए रखें। इस अवसर पर संभाग आयुक्त ने आयुक्त नगर निगम श्री अभिलाष मिश्रा से कहा कि कंपनी का काम औसत से कम गति से चल रहा है। इसके लिए कंपनी पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए और प्रति सप्ताह आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाए। यदि लक्ष्य से काम कम हो रहा है तो कंपनी पर पेनल्टी अधिरोपित की जाए।साथ ही नगर निगम के दो इंजीनियर जिन्हें निरीक्षण का काम सौंपा गया था, उनके द्वारा सही से निरीक्षण नहीं करने और काम की गति बनाए न रखने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संभाग आयुक्त श्री सिंह ने नगर निगम आयुक्त श्री मिश्रा को कार्यपालन यंत्री श्री वैभव भावसार और सहायक यंत्री अमृत मिशन फेज 2.0 श्री शिवम दुबे के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके परिपालन में नगर निगम आयुक्त द्वारा उक्त दोनों अधिकारियों का एक एक माह का वेतन कटौत्रा करने के आदेश जारी किए है। इसके साथ ही एम.पी. पटेल एंड कंपनी को भी काम में देरी पर नोटिस जारी किया गया है।